संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला के हुसैनाबाद अनुमंडल के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकही टोला मुगलजान में गुरुवार की देर रात डकैती की बड़ी वारदात का मामला प्रकाश मे आई है. जानकारी के अनुसार हथियारबंद अपराधियों ने शिक्षक दंपति को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर लगभग चार घंटे तक घर में मारपीट व् तांडव मचाया और जमकर लूटपाट की. घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. बताया जाता है की कुकही टोला मुगलजान निवासी मृत्युंजय प्रसाद, जो सरस्वती विद्या मंदिर जपला में आचार्य हैं,प्रतिदिन के तरह उस रात भी घर में सोए हुए थे. मध्यरात्रि के समय चार अपराधी छत के रास्ते घर के अंदर घुसे और बंदूक सटा कर दंपती का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद दोनों को बंधक बना कर घर में रखे सामानों को तितर–बितर करते हुए सोना-चांदी के गहने एवं अन्य कीमती सामान लूट लिए. विश्वस्त सूत्रों के अनुसार घर के भीतर चार अपराधी थे, जबकि पीड़ित का कहना है कि बाहर भी अपराधियों के होने की आशंका है, जिसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. लूटपाट के दौरान अपराधियों ने मृत्युंजय प्रसाद एवं उनकी पत्नी के साथ लोहे के रॉड से मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए. दोनों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में किया गया.
मृत्युंजय प्रसाद ने बताया कि करीब चार घंटे तक अपराधी घर में रहे. उनके जाने के बाद उन्होंने किसी तरह पड़ोस स्थित भतीजा एवं अन्य लोगों को जगाया, तब जाकर मामले की सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही कुकही पंचायत में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की डकैती की घटना उन्होंने पहले कभी नहीं देखी. लोग पूरी तरह दहशत में हैं. सूचना मिलते ही एसडीपीओ एस. मोहम्मद याकूब, हैदरनगर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू चौधरी, एसआई बबलू कुमार, मुकेश कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस फोरेंसिक जांच सहित विभिन्न पहलुओं पर मामले की तहकीकात में जुट गई है. पलामू जिला परिषद के उपाध्यक्ष अलोक कुमार सिंह उर्फ़ टूटू सिंह पहुंच कर घटना का जानकारी लिया. ग्रामीणों को कहना है की यह घटना जहां आम लोगों को दहशत में डाल रही है, वहीं क्षेत्र की कानून व्यवस्था और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है. पुलिस इसे अपनी घटना को सीरियस ले रही है और गहनता से जाँच करते हुए जल्द मामले के उद्भेदन का दावा कर रही है.
यह भी पढ़ें: दुबई में युद्धाभ्यास को दौरन भयानक हादसा, जमीन पर गिरकर तेजस शोलों में तब्दील, पायलट की दर्दनाक मौत