प्रमोद कुमार/न्यूज़11भारत
बरवाडीह/डेस्क: जून माह में हुई लगातार बारिश के कारण कुटमू–सरईडीह मार्ग स्थित पुलिया पूरी तरह ध्वस्त हो गई थी. इसके चलते पिछले पांच महीनों से इस सड़क मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित था. ग्रामीणों को दो से तीन किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी. सबसे अधिक दिक्कत छात्र–छात्राओं, बीमार मरीजों और रोजाना काम पर आने–जाने वालों को हो रही थी.
बढ़ती परेशानी को देखते हुए ग्रामीणों ने मनिका विधायक रामचंद्र सिंह से पुल निर्माण की मांग की. ग्रामीणों की समस्या पर संज्ञान लेते हुए विधायक ने मंगलवार को निजी खर्चे से ह्यूम पाइप लगवाकर ध्वस्त पुलिया की अस्थायी मरम्मत शुरू कराई, ताकि विभागीय निर्माण कार्य शुरू होने तक लोगों की आवाजाही में परेशानी न हो.
विधायक रामचंद्र सिंह ने बताया कि विभागीय टीम जल्द ही स्थल निरीक्षण करेगी. पुल निर्माण के लिए जनवरी–फरवरी में निविदा प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी, जिससे आने वाले समय में इस मार्ग पर स्थायी समाधान मिल सके.
ग्रामीणों ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए पुल निर्माण कार्य को यथाशीघ्र शुरू कराने की मांग की है.
मौके पर विजय बहादुर सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू, बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, अजीत सिंह, सुजीत गुप्ता, उमेश प्रसाद, रणविजय सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: जामटोला में बच्ची से घिनौनी हरकत, पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा