न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मौसम ने अचानक ऐसा पलटा मारा है कि नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठिठुरन शुरू हो गई हैं. हिमालय से सीधे बहकर आ रही तेज ठंडी हवाओं ने रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी समेत कई जिलों को कंपकंपी में डाल दिया हैं. पिछले 24 घंटों में खूंटी का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री तक लुढ़क गया. यह तापमान आमतौर पर दिसंबर के दूसरे सप्ताह में देखने को मिलता हैं. शाम होते ही लोग अपने काम निपटा कर अलाव के सामने जुटने लगे हैं. 5 बजे के बाद ही गलियां सूनी दिखने लगी हैं.
रांची-लोहरदगा में भी बढ़ी ठिठुरन
राजधानी रांची में पारा 9 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है, जबकि लोहरदगा में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हवा की ठंडक इतनी तेज है कि लोग बाहर निकलने से पहले दो-दो स्वेटर पहनने को मजबूर हैं.
शाम 6 बजे ही सुनसान दिखने लगी शहर की सड़कें
जहां कुछ दिन पहले तक 6 बजे मार्केट और सड़कों पर भीड़ रहती थी, अब वहीं ठंडी हवा के चलते सड़कें वीरान दिख रही हैं. कुछ जरूरी काम वाली गाड़ियां ही सड़कों पर नजर आ रही हैं. लोग टहलने या शाम की सैर पर भी निकलना बंद कर चुके हैं. मौसम विभाग के अनुसार, आज गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग और आसपास के अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक जा सकता हैं. अधिकतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह-शाम चल रहीं सनसनाती हवाएं और कोहरा ठंड को और बढ़ाएंगे.
यह भी पढ़े: रांची में होने वाले भारत और साउथ अफ्रीका ODI मुकाबले की सभी टिकटों की हुई बिक्री, कल नहीं खुलेगा टिकट काउंटर