न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: धनबाद में 7 मार्च को टीटोस रेस्टोरेंट में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जबकि मुख्य साजिश गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़ी बताई जा रही है. रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम धनबाद पहुंची थी, जहां अपराधियों के साथ मुठभेड़ हुई.
इस मुठभेड़ में प्रिंस खान के शूटर कुबेर उर्फ मनीष सिंह और अफजल अमन घायल हो गए. दोनों को गोली लगी है और उनका इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में बाइक चला रहे शख्स की पहचान पप्पू भुईया के रूप में हुई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके अलावा रेकी करने वाले आरोपी मो. सदाब आलम को भी पुलिस ने दबोच लिया है. इस तरह अब तक इस हत्याकांड में चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कुबेर पहले कोयलांचल शांति सेना गिरोह से जुड़ा रहा है. पुलिस को रंगदारी से जुड़े पैसों के लेन-देन की भी अहम जानकारी मिली है. बताया जा रहा है कि वसूली की रकम को कई बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था, जिनमें देश और विदेश के करीब 60 खातों की जानकारी पुलिस को मिली है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंगस्टर प्रिंस खान को कुछ पत्रकारों और सफेदपोश लोगों का भी समर्थन मिलने की आशंका है.
ये भी पढ़ें- खूंटी गैंगरेप केस: हाईकोर्ट ने खारिज की दोषी अजूब साड़ी पूर्ति की जमानत याचिका