न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और बार व रेस्टोरेंट के माहौल को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रांची पुलिस और बार संचालकों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता रांची एसएसपी राकेश रंजन ने की. इस बैठक में कोतवाली डीएसपी, सदर डीएसपी सहित शहर के विभिन्न थानों के प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान एसएसपी राकेश रंजन ने बार संचालकों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए.
एसएसपी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि बार के अंदर कार्यरत सभी बाउंसर और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बार परिसर के भीतर होने वाले किसी भी प्रकार के विवाद या अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत संबंधित स्थानीय थाना प्रभारी को दी जाए. एसएसपी ने खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में पुलिस कठोर कदम उठाएगी.
बैठक के दौरान बार संचालकों ने पुलिस को जानकारी दी कि शहर में कई होटल और ढाबों में बिना वैध लाइसेंस के शराब परोसी जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि शहर के रेस्टोरेंट और बार का माहौल सुरक्षित, अनुशासित और बेहतर बनाना पुलिस का मुख्य उद्देश्य है, जिसमें बार संचालकों का सहयोग बेहद जरूरी है.
ये भी पढ़ें- भरनो के आताकोरा मोड में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाईक सवार एक युवक की मौत