न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची नगर निगम द्वारा गिफ्ट डीड के अंतर्गत प्राप्त भूमि पर अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. प्रशासक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि गिफ्ट डीड के माध्यम से निगम को प्राप्त भूमि का उपयोग केवल सार्वजनिक हित एवं निर्धारित उद्देश्यों के लिए किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या व्यावसायिक उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इसी क्रम में रांची नगर निगम की टीम द्वारा लालपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाते हुए कई प्रतिष्ठानों द्वारा गिफ्ट डीड की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया गया. कार्रवाई के दौरान लालपुर स्थित दृष्टि आईएएस, होटल लैंडमार्क, द सिल्वर स्टूडियो, इंडसइंड बैंक, पुरुलिया रोड स्थित संध्या टावर तथा डांगराटोली स्थित होटल प्रताप रेजिडेंसी के भवनों से गिफ्ट डीड की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ प्रतिष्ठानों द्वारा गिफ्ट डीड की भूमि पर अवैध रूप से होर्डिंग/विज्ञापन बोर्ड लगाए गए थे तथा अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण किया गया था. इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निगम द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों पर आर्थिक दंड अधिरोपित किया गया.
- दृष्टि आईएएस पर गिफ्ट डीड की भूमि पर होर्डिंग/विज्ञापन एवं अतिक्रमण के लिए ₹72,000 का जुर्माना लगाया गया.
- इंडसइंड बैंक पर गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण के लिए ₹10,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया.
- होटल लैंडमार्क पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया.
गिफ्ट डीड की भूमि सार्वजनिक संपत्ति है और इस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा कानूनन दंडनीय है. रांची नगर निगम शहर में सुव्यवस्थित विकास, यातायात सुगमता एवं सौंदर्याकरण को ध्यान में रखते हुए ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रखेगा. रांची नगर निगम सभी भवन स्वामियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील करता है कि वे अपने दस्तावेजों की समीक्षा कर गिफ्ट डीड की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण तत्काल स्वयं हटाएं, अन्यथा निगम द्वारा विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- बुंडू नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जितेंद्र उरांव ने CM हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से की मुलाकात