न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क: शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद धनबाद शहर के कई इलाकों में जलजमाव, नाली जाम और सड़क अवरुद्ध होने जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो गईं. ऐसे हालात में धनबाद मेयर संजीव सिंह पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए और अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं सफाई कार्य का जायजा लेते हुए त्वरित कार्रवाई करवाई. बिग बाज़ार के समीप सड़क पर एक विशाल वृक्ष गिर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था. सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और निगम कर्मियों की मदद से पेड़ हटवाने का कार्य कराया. इसके बाद सड़क पर यातायात पुनः सामान्य हो सका.
इसके बाद मेयर तपोवन कॉलोनी पहुंचे, जहां भारी बारिश के कारण गंभीर जलमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. उन्होंने जाम नालियों की तत्काल सफाई करवाई, जिससे पानी की निकासी शुरू हो सकी. साथ ही पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर ड्रेनेज व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने का निर्देश निगम अधिकारियों को दिया.
वहीं विद्यापति नगर स्थित शिवांश एंक्लेव में जलजमाव की सूचना मिलने पर भी मेयर अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए ड्रेनेज सिस्टम को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए.
इसके अलावा न्यू बैंक कॉलोनी में नाली अवरुद्ध होने की शिकायत पर भी मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे. वहां कचरे से जाम नालियों की तत्काल सफाई करवाई गई तथा जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान को लेकर निगम अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई.
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि, जनता की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. बारिश के दौरान जहां-जहां से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां तत्काल राहत कार्य कराया जा रहा है. साथ ही भविष्य में जलजमाव और नाली जाम जैसी समस्याओं से स्थायी समाधान के लिए भी व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है.
यह भी पढ़ें: गुमला में युवक ने की फांसी लगाकर आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम