न्यूज11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: हज़ारीबाग़ मटवारी स्थिति एके इंटरनेशनल होटल पर फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे के नाम से जारी प्रेस विज्ञप्ति ने मामले को और गंभीर बना दिया है. इस पोस्ट में होटल पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. साथ ही कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को खुले तौर पर चेतावनी दी गई है. मामला बीते देर रात होटल पर हुई फायरिंग में मुख्य प्रवेश द्वार का शीशा टूट गया था. घटना के दौरान होटल का सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बचा. वारदात के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. इसी बीच सोशल मीडिया पर सामने आए संदेश ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया. राहुल दुबे के नाम से जारी प्रेस विज्ञप्ति में अभय सिंह का जिक्र किया गया है. पोस्ट में दावा किया गया है कि अभय सिंह द्वारा कॉल और मैसेज का जवाब नहीं देने के कारण होटल को निशाना बनाया गया. संदेश में उसे जल्द संपर्क करने की चेतावनी दी गई है. इतना ही नहीं, अगली बार घर और परिवार के सदस्यों को निशाना बनाने जैसी धमकी भी दी गई है.