आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सिमडेगा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. जनगणना कार्य को सुचारू रूप से करने के लिए फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सिमडेगा समाहरणालय सभागार में आयोजित किया गया.प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ डीसी सिमडेगा कंचन सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. यह प्रशिक्षण अगले तीन दिनों तक सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक चलेगा. जिसमें जनगणना से जुड़े सभी कर्मियों को समय पर प्रशिक्षण में भाग लेने का निर्देश दिया गया है.डीसी सिमडेगा ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आंकड़े देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं.
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रथम चरण के कार्य को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और सावधानी के साथ संपादित किया जाए, ताकि सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें. उन्होंने यह भी कहा कि आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को जनगणना प्रक्रिया की समुचित जानकारी दी जाए, जिससे किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो. प्रशिक्षण के दौरान डीसी सिमडेगा ने अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराया तथा सही एवं प्रमाणिक डेटा संग्रहण एवं उसे निर्धारित प्रणाली में समय पर अपलोड करने पर बल दिया. इस दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा यूजर मैनेजमेंट सिस्टम पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें यूजर अकाउंट निर्माण, एडमिन एवं जनरल यूजर की भूमिकाएं, ट्रेनर, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक की जिम्मेदारियों सहित सिंगल एवं बल्क अकाउंट क्रिएशन की जानकारी दी गई.
बताया गया कि जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी. प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में किया जाएगा. इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी.
प्रशिक्षण में जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी-सह-मास्टर ट्रेनर गौरव कुमार एवं सांख्यिकी अन्वेषक-सह-मास्टर ट्रेनर प्रतीक सिंह ने फील्ड ट्रेनरों को डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, तकनीकी उपयोग एवं सर्वेक्षण से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी. प्रथम चरण में मकानों की स्थिति, निर्माण सामग्री, उपलब्ध सुविधाएं जैसे टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन आदि से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी.
इस अवसर पर जिला जनगणना पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, अपर जिला जनगणना पदाधिकारी-सह-जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अरुणा कुमारी सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: जेएससीए वीमेंस T20 क्रिकेट में सिमडेगा की शानदार जीत, कप्तान सोनिया बनीं 'प्लेयर ऑफ द मैच'