आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: नगर परिषद चुनाव संपन्न होने के बाद अब सबकी निगाहें 27 फरवरी पर टिकी हैं. जब मतपेटी में बंद प्रत्याशियों की किस्मत खुलेगी और हरे पिटारे से सिमडेगा नगर के सरताज का ताज बाहर निकलेगा.
सिमडेगा नगर परिषद के अध्यक्ष पद के 08 और वार्ड पार्षद पद के 106 समेत कुल 114 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कल मतगणना के साथ होगा. सिमडेगा कॉलेज में बने वज्रगृह में मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुरक्षित रखा गया है. मतगणना के दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का केंद्र के बाहर जमावड़ा लगना तय है.जिसको देखते हुए जिला प्रशासन ने मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली है. डीसी सिमडेगा कंचन सिंह और एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस खोटरे लगातार वज्रगृह का निरीक्षण कर रहे हैं. दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं. वज्रगृह की सुरक्षा के लिए आईआरबी सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पूरे मतदान केंद्र में तीन लेयर सुरक्षा घेरा बनाया गया है, जिसमें बाहरी और आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था शामिल है. परिसर में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. आज मतगणना में प्रतिनियुक्त होने वाले सभी कर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों को डीसी और एसपी ने ज्वाइंट ब्रीफिंग करते हुए मतगणना और मतगणना के दौरान विधि व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
डीसी और एसपी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुए सभी को उनके ड्यूटी समझाए. इस दौरान बताया गया कि सिमडेगा कॉलेज के पूर्वी गेट से मतदान कर्मी, अधिकारी आदि प्रवेश कर सकेंगे. वहीं मीडिया कर्मी आदि सिमडेगा कॉलेज के पश्चिमी गेट से प्रवेश करेंगे. मीडिया कर्मियों के लिए वाहन पार्किंग वाहन कोषांग के पास बनाया गया है.
यह भी पढ़ें: भरनो: बीडीओ कार्यालय में एमडीएम स्टीयरिंग एवं मॉनिटरिंग कमिटी की हुई बैठक