न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची में चोरी की एक बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. लालपुर थाना क्षेत्र में शादी के घर को निशाना बनाकर दिनदहाड़े चोरी की गई थी, जिसे पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दरअसल, लालपुर थाना क्षेत्र में एक घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान घर के सभी सदस्य शादी का कार्ड बांटने बाहर गए हुए थे. खाली घर का फायदा उठाकर चोरों ने दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
बताया जा रहा है कि अपराधियों को पहले से ही घर की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी और उन्होंने पूरी प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों विक्की कुमार और किशन कुजूर को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, पायल और नकदी बरामद की गई है. आरोपियों के पास से कुल 17,296 रुपये नकद बरामद हुए हैं. मुख्य आरोपी विक्की कुमार पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. बता दें कि, SSP के निर्देश पर गठित टीम ने छापेमारी कर दोनों को दबोचा.
ये भी पढ़ें- झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारु ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से की शिष्टाचार मुलाकात