चंचल गिरी/न्यूज 11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: जामताड़ा जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को लेकर पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में शुक्रवार को बागडेहरी थाना क्षेत्र के चंद्रबाद मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले छह वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटा गया. जिला प्रशासन के निर्देशानुसार थाना प्रभारी किशन कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई. जांच के दौरान पांच दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट के वाहन चलाते पाए गए, जबकि एक चारपहिया वाहन चालक बिना सीट बेल्ट लगाए सफर कर रहा था.
पुलिस ने सभी छह वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटते हुए अन्य वाहन चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी. पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की. पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: SIR-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक