न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के कोकर इलाके में ड्यूटी से घर लौट रहे एक पत्रकार के साथ मारपीट और लूट की कोशिश के मामले का सदर थाना पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
यह घटना 7 जनवरी 2026 की रात करीब 1 बजे सुभाष चौक, कोकर के पास हुई थी. पीड़ित पत्रकार मुकेश कुमार ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05CW-7339) पर सवार दो युवकों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन व नकदी छीनने का प्रयास किया. आरोपियों ने पत्रकार के साथ बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
मामले को लेकर सदर थाना में कांड संख्या 06/25 दर्ज किया गया है. इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 117(2), 109(1), 304(2) और 62 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषभ कुमार (23 वर्ष), पिता दीपक कुमार, मूल निवासी गोह सरैया, थाना गोह, जिला औरंगाबाद (बिहार) तथा वर्तमान पता तिरिल, तालाब के पास, रांची और मनीष कुमार (23 वर्ष), पिता राजेश महतो, मूल निवासी तोपा तोयरा, थाना मांडू, जिला रामगढ़ तथा वर्तमान पता तिरिल, तालाब के पास, रांची के रूप में हुई है.
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है. छापेमारी टीम का नेतृत्व सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने किया. टीम में सहायक अवर निरीक्षक गोपाल दास, सदर थाना सशस्त्र बल और पीसीआर-221 के जवान शामिल थे. पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है.
ये भी पढ़ें- खलारी–मैक्लुस्कीगंज स्टेशन पर सीसीएल के सीएसआर शौचालय बने ‘हाथी दांत’, हैंडओवर न होने से खंडहर में तब्दील