न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्कः- पलामू पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से 28 कार्टून देशी टनाका शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. घटना गुरुवार रात लगभग 8:30 बजे की है, जब गश्ती दल नारायणपुर बाजार के पास क्षेत्र भ्रमण कर रहा था. पुलिस ने एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी को विपरीत दिशा से ग्राम पचरा की ओर आते देखा. जैसे ही ड्राइवर की नजर पुलिस पर पड़ी, उसने तुरंत गाड़ी घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद गश्ती दल ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पीछा किया और चालक सहित गाड़ी को पकड़ लिया.
पकड़े गए आरोपी की पहचान सीतम सिंह के रूप में हुई है. बोलेरो की तलाशी लेने पर पुलिस ने पाया कि गाड़ी के अंदर प्लास्टिक के नीचे भारी मात्रा में 28 कार्टून अवैध देशी टनाका शराब छिपाकर रखी गई थी. जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 700 पीस है, जिसमें प्रत्येक बोतल 300 एम.एल. की है.
आरोपी युवक शराब के संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त सीतम सिंह को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
इस सफल अभियान को स.अ.नि.० कालिका राम, हवलदार नब. किशोर प्रधान, आर.०- 264 सोमनाथ राव, आर.०- 395 अरविंद कुमार, और ल.घ.० आर.०- 1548 सुरेन्द्र पाल के गश्ती दल ने अंजाम दिया.
ये भी पढ़ेंः- धर्मेंद्र के याद में रखा गया प्रार्थना सभा, आखिरी सलाम देने हेमा मालिनी के जुहू स्थित घर पहुंचे जाने-माने हस्ती