न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के कांके थाना क्षेत्र में हत्या के इरादे से हथियार लेकर पहुंचे आरोपी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से पुलिस ने 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और जिंदा गोली बरामद की है. वहीं इसी मामले में दो किशोरों को भी पुलिस ने डिटेन कर बाल सुधार गृह भेजा है.
कांके के ममरू गांव निवासी बबलू नायक ने कांके थाना में लिखित शिकायत देकर बताया कि हेमंत मुंडा नामक आरोपी ने उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है. जिसके बाद पुलिस मामले के सत्यापन में जुटी, जिसमें बाद संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास से आरोपी हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और KF 7.65 अंकित एक जिंदा गोली बरामद हुई. वहीं, मौके पर हेमंत मुंडा के साथ दो किशोर भी मौजूद थे जिनके पास से दो स्मार्टफोन बरामद किए गए.
मामले में कांके थाना पुलिस हेमंत मुंडा को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया, जबकि दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है. हालांकि, आरोपी ने क्यों बबलू नायक के बेटे को जान से मारने की धमकी दी, फिलहाल इसकी जानकारी पुलिस के द्वारा जुटाई जा रही है. पुलिस आरोपी को रिमांड में लेकर इसकी पूछताछ करने की बात कह रही है.
यह भी पढ़ें- चतरा में ACB की बड़ी कार्रवाई: एसडीओ कार्यालय का बड़ा बाबू घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, दफ्तर में मचा हड़कंप