मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
पिपरवार/डेस्क: पिपरवार थाना पुलिस ने उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त एजाज अंसारी उर्फ राजू अंसारी को उसके पैतृक गांव मुरपा से गिरफ्तार किया. पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि टीएसपीसी संगठन का सक्रिय सदस्य एवं पूर्व से फरार चल रहा अभियुक्त एजाज अंसारी उर्फ राजू अंसारी अपने परिवार में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आने वाला है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई.वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) टंडवा प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद मुरपा गांव में विधिवत छापेमारी अभियान चलाया.छापामारी के दौरान दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में अभियुक्त एजाज अंसारी उर्फ राजू अंसारी उर्फ ऐजाजुल उर्फ रियाजुल अंसारी (33 वर्ष), पिता मो. जमाल अंसारी, निवासी मुरपा, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया.पिपरवार थाना में प्रेस वार्ता आयोजित कर थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पिपरवार थाना कांड संख्या 55/23 में नामजद आरोपी है.
इस मामले में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के अलावा सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज है. उक्त कांड में रंगदारी, धमकी, आगजनी, संपत्ति क्षति और आपराधिक साजिश जैसे आरोप शामिल हैं.पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार एजाज अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं.जिसमे पिपरवार थाना कांड संख्या 55/23, कांके थाना कांड संख्या 217/21, कांके थाना कांड संख्या 226/21, आरपीएफ-टोरी (डाल्टनगंज नगर) कांड संख्या 15/2012 के तहत मामला दर्ज है.
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टंडवा प्रभात रंजन बरवार, पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार, अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार, संजय कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: देवरी में JMM की बैठक, सभी पंचायतों में जल्द बूथ कमेटी गठन का निर्देश