मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: पिपरवार थाना क्षेत्र में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में पिपरवार पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है.पुलिस ने विभिन्न स्थानों से गुम हुए कुल 4 मोबाइल फोन को बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया.इस कार्रवाई से पीड़ितों के चेहरों पर खुशी लौट आई है और उन्होंने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है.जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं. इन मामलों में पीड़ितों द्वारा पिपरवार थाना में आवेदन देकर सनहा दर्ज कराया गया था. पुलिस ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए सीईआईआर पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया.
इस संबंध में पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि सनहा संख्या 10/25 के पीड़ित रविन्द्र कुमार (ग्राम बहेराकला), सनहा संख्या 13/24 के मुद्दासिन हुसैन (ग्राम एलो कॉलोनी बचरा), संतन कुमार (ग्राम बचरा चार नंबर) तथा सनहा संख्या 12/25 के महेंद्र पासवान (ग्राम बेंती) के गुम हुए मोबाइल को सफलतापूर्वक बरामद कर उन्हें सुपुर्द कर दिया गया है.थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि इससे पहले भी पिपरवार पुलिस द्वारा कई लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उन्हें वापस किया जा चुका है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत थाना में आवेदन देकर सनहा दर्ज कराएं, ताकि पुलिस समय रहते कार्रवाई कर सके.इधर मोबाइल वापस मिलने के बाद पीड़ित परिवारों ने पिपरवार पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है. यह कार्रवाई क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता का एक अच्छा उदाहरण मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें: स्कूलों में पहुंचे डीएसपी, छात्रों को दिया सुरक्षा और नशा मुक्ति का संदेश