भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क:- गांडेय प्रखंड के बदगुंदा में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और पथराव प्रकरण के बाद शुक्रवार को ताराटांड़ थाना परिसर में एसडीएम श्रीकांत विसुप्ते के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में दोनों पक्षों को सुनने के बाद अधिकारियों ने उन्हें आपसी सहमति से गले मिलाकर तीन दिनों से जारी तनाव को समाप्त करा दिया.
गौरतलब है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन तुलसी विवाह के दौरान शोभायात्रा को मस्जिद के समीप रोके जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था. पहले दिन पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन अगले दिन दोनों पक्षों में फिर झड़प और पथराव हो गया, जिसमें कई लोग घायल हुए. घटना के बाद उपायुक्त, एसपी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.
इसके बावजूद विधि-व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों पक्षों के 10-10 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. बैठक में एसडीएम ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मुख्य रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद है. प्रशासन ने इस विवाद को 10 दिनों के भीतर चिह्नित कर समाधान करने का निर्देश दिया है.
मौके पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, इंस्पेक्टर कमाल खान, सीओ मो. हुसैन, बीडीओ निशात अंजुम, प्रमुख राजकुमार पाठक, अर्जुन बेठा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व समाजसेवी उपस्थित थे. दोनों पक्षों ने भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद या पुनरावृत्ति नहीं करने की सहमति दी.