राजन पाण्डेय/न्यूज़11 भारत
चैनपुर/डेस्क: चैनपुर प्रखंड अंतर्गत धान खरीदारी की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बुधवार को अपर समाहर्ता सहसेंद्र बड़ाईक एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत ने विभिन्न लैंप्स का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने छीछवानी, बरवेनगर और चैनपुर लैंप्स पहुँचकर धान अधिप्राप्ति कार्यों की समीक्षा की. निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता ने लैंप्स के अध्यक्ष और सचिव को स्पष्ट निर्देश दिया कि धान की खरीदारी में तेजी लाई जाए ताकि लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जो भी किसान धान बेच रहे हैं, उन्हें नियमों के तहत जल्द से जल्द राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए. भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान लैंप्स में जमा धान के स्टॉक को देखते हुए एसी सहसेंद्र बड़ाईक ने संबंधित मिलिंग अधिकारियों और विभाग से दूरभाष पर संपर्क किया. उन्होंने निर्देश दिया कि लैंप्स में जमा धान का समय पर उठाव सुनिश्चित करें, ताकि नए आने वाले धान के लिए पर्याप्त जगह बनी रहे और प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे.जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य और समय पर लाभ दिलाना है. उन्होंने लैंप्स प्रभारियों को हिदायत दी कि धान की गुणवत्ता की जांच करते हुए किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न होने दें.