वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण में दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही चौपारण बाजार में मिठाइयों की बिक्री तेजी से बढ़ गई है. NH-19 किनारे सजी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है, लेकिन मिठाइयों की शुद्धता को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं.
बाजार में चर्चा है कि बाहरी क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर मिठाइयां मंगाई जा रही हैं. सूत्रों की मानें तो बगोदर-डुमरी क्षेत्र से भारी मात्रा में मिठाइयां लाकर चौपारण की दुकानों में खपाई जा रही हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच कौन कर रहा है? और उपभोक्ताओं की सेहत की जिम्मेदारी किसकी है?
हालांकि मिठाइयों में मिलावट की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आशंकाओं के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की खामोशी लोगों को खटक रही है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि त्योहार के मौसम में जितनी तत्परता से जांच होनी चाहिए, उतनी कार्रवाई जमीन पर नजर नहीं आ रही है. लोगों का कहना है कि खोवा, दूध, घी, तेल, रंग और मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता, निर्माण, परिवहन और भंडारण की जांच बेहद जरूरी है.
लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग के फूड इंस्पेक्टर से चौपारण बाजार सहित पूरे प्रखंड में मिठाई दुकानों और होटलों की औचक जांच कराने, संदिग्ध मिठाइयों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजने और बाहर से आ रही खेप की पड़ताल करने की मांग की है.
त्योहार के नाम पर कहीं लोगों की थाली में सेहत के बजाय बीमारी तो नहीं परोसी जा रही है? सवाल यह भी है कि क्या किसी बड़ी शिकायत या लोगों के बीमार पड़ने के बाद ही विभाग की नींद खुलेगी?
चौपारण के लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है. अब देखना है कि खाद्य सुरक्षा विभाग शिकायतों का इंतजार करता है या बाजार में उतरकर मिलावट की आशंकाओं की निष्पक्ष जांच करता है.