न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क:- पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देशानुसार तोलरा–लालगढ़ मार्ग स्थित वाइन शॉप के पास प्रतिदिन की तरह 06 दिसंबर 2025 की रात एंटी-क्राइम वाहन चेकिंग चल रही थी. रात करीब 10:40 बजे तोलरा की ओर से आ रही सफेद रंग की एक कार को देखकर पुलिस को संदेह हुआ. वाहन चेकिंग टीम को देखते ही कार चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर कार को रोक लिया. इसी दौरान ड्राइवर सीट के बगल में और पीछे बैठे दो व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक की तलाशी ली तो उसकी कमर में खोसा हुआ एक लोडेड देशी पिस्टल मिला, जिसे अनलोड करने पर 7.62 मिमी के तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए. हथियार, कारतूस तथा अन्य सामानों की विधिवत जप्ती सूची तैयार कर जप्त किया गया. घटना के आधार पर विश्रामपुर थाना कांड संख्या 76/2025 दिनांक 07.12.2025 दर्ज करते हुए अवैध हथियार रखने के आरोप में गुंजन मिश्रा उम्र 27 वर्ष, ग्राम अमवा, थाना विश्रामपुर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी रोहित मिश्रा उर्फ छोटू मिश्रा ग्राम अमवा और गुप्तेश्वर सिंह उर्फ गुप्ता सिंह ग्राम नौगढ़ा फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है. पुलिस ने मौके से एक लोडेड देशी पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस, दो सैमसंग टचस्क्रीन मोबाइल तथा KUV कंपनी का सफेद रंग का चारपहिया वाहन बरामद किया है. चेकिंग दल में पुअनि ऋषिकेश कुमार दुबे थाना प्रभारी विश्रामपुर, पुअनि अनिल यादव, पुअनि शिवनाथ रंजन, सअनि बिनोद राम, तुराम पुरती, श्रवण विश्वकर्मा, ह. अशोक कुमार साहू, आर. संतोष पासवान एवं आर प्रवीन तिर्की शामिल थे.
ये भी पढ़ेंः- बिना किसी IIT-B.Tech के 21 साल के नौजवान ने कमाए 1 महीना में डेढ़ लाख रुपए, बना मिसाल