संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले में नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के संवेदनशील मामले के बाद पलामू पुलिस ने आम जनता से एक बड़ी और महत्वपूर्ण अपील की है. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस तरह के गंभीर अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार के संकोच या सामाजिक डर के कारण छुपने की जरूरत नहीं है, बल्कि पीड़ितों को बिना डरे खुलकर पुलिस को सारी बातें बतानी चाहिए.
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने भरोसा दिलाया है कि ऐसी घटनाओं की शिकायत करने वाले पीड़िता का पूरा सहयोग किया जाएगा और उनकी गोपनीयता (प्राइवेसी) को पूरी तरह से बरकरार रखा जाएगा. अक्सर यह देखा जाता है कि सामाजिक शर्म और डर की वजह से कई पीड़िताएं समय पर सामने नहीं आ पाती हैं और प्रशासन या थाने में शिकायत दर्ज नहीं करा पाती हैं, जिसके कारण वे अंदर ही अंदर घुटती रहती हैं और परिणामस्वरूप ऐसे अपराधियों का मनोबल और अधिक बढ़ जाता है.
इसी बात को ध्यान में रखते हुए पलामू पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे मामलों में बेझिझक आगे आएं ताकि संलिप्त सभी अपराधियों को कानून के दायरे में लाकर जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके. पलामू पुलिस ने दोहराया है कि जनता के सहयोग और सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन हमेशा पूरी तरह से तत्पर है.
पलामू पुलिस महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है. इस तरह के गंभीर मामलों में किसी भी प्रकार के संकोच या सामाजिक डर के कारण छुपने की जरूरत नहीं है, बल्कि पीड़ितों को बिना डरे खुलकर पुलिस को सारी बातें बतानी चाहिए ताकि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके. आम नागरिकों से अपील है कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें. पुलिस आपकी हरसंभव सहायता करेगी और आपकी गोपनीयता को भी पूरी तरह बरकरार रखेगी.
यह भी पढ़ें: बरही विधायक की पहल से 14.83 करोड़ की 11 विकास योजनाओं को मिलेगी गति, दिवाली के बाद जल्द शुरू होगा काम