संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू प्रमंडल (पलामू, गढ़वा और लातेहार) में पुलिसिंग को नई धार देने के उद्देश्य से वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी किशोर कौशल ने मंगलवार को पलामू रेंज डीआईजी का पदभार विधिवत ग्रहण कर लिया. उनके कार्यालय पहुँचने पर पलामू एसपी रीष्मा रमेशन सहित जिले के अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया.
अपराध और उग्रवाद पर 'जीरो टॉलरेंस'
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए डीआईजी किशोर कौशल ने अपने कड़े इरादे साफ कर दिए. उन्होंने कहा कि पलामू रेंज की भौगोलिक स्थिति और चुनौतियों को देखते हुए उग्रवाद (नक्सल) उन्मूलन अभियान में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी. जो उग्रवादी मुख्यधारा में नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ सर्च ऑपरेशन और तेज किए जाएंगे. इसके साथ ही संगठित अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी (अफीम और गांजा) को जड़ से खत्म करना उनकी विशेष कार्ययोजना का हिस्सा है.
उन्होंने जोर देकर कहा कि थाना स्तर पर आम जनता की सुनवाई सम्मानजनक तरीके से होनी चाहिए. डीआईजी ने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग का चेहरा मानवीय होना चाहिए ताकि आम नागरिक बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित कांडों का निष्पादन तेजी से करें और साक्ष्य आधारित जांच पर ध्यान दें.
प्रशासनिक तालमेल और सुरक्षा
बता दें कि पूर्व डीआईजी नौशाद आलम के जाने के बाद यह पद काफी समय से रिक्त था, जिससे कई प्रशासनिक निर्णय लंबित थे. किशोर कौशल के आने से अब पलामू प्रमंडल के तीनों जिलों में पुलिसिंग में समन्वय बेहतर होगा. उन्होंने कहा कि वे जल्द ही तीनों जिलों के एसपी के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करेंगे.
यह भी पढ़ें: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा में लगे स्वास्थ्य मेले का क्षेत्र के लोगों ने उठाया भरपूर लाभ