न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव में गुरुवार की सुबह एक दुखद घटना सामने आई है. यहां के पिपरहिया तालाब में एक बुजुर्ग का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की शुरुआत तब हुई जब सुबह के समय ग्रामीण शौच के लिए तालाब की ओर गए थे. पानी में शव को उतराता देख ग्रामीणों के होश उड़ गए. शोर मचते ही मौके पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा. स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए इसकी जानकारी लेस्लीगंज पुलिस को दी. मृतक की पहचान कुंदरी गांव के ही निवासी सोहराय यादव (70 वर्ष) के रूप में हुई है. जैसे ही मौत की खबर घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई. मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि बुजुर्ग तालाब तक कैसे पहुंचे और मौत की असल वजह क्या रही.
यह भी पढ़े: खत्म हुआ इंतजार.. झारखंड पात्रता परीक्षा 26 अप्रैल को, दो पालियों में होगा एग्जाम