न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पाकुड़ शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
इस दौरान उपायुक्त ने कालीभषान, टीनबंग्ला, साधु पोखर, शीतला मंदिर पोखर एवं रानी दिग्घी तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी घाटों पर समय रहते साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान साधु पोखर में बिजली के तार नीचे लटके पाए जाने पर उपायुक्त ने विद्युत विभाग को तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने का निर्देश दिया. वहीं, नगर परिषद को घाटों की नियमित सफाई कराने और जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय पर तैयारियां पूरी करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एसडीपीओ पाकुड़, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, अंचलाधिकारी पाकुड़ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: रांची में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हजारों कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार