संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: राज्यस्तरीय 'झारखंड स्कूल आइडल—सुर एवं ताल संग्राम' प्रतियोगिता में पलामू की बेटियों ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है. इस राज्यस्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर लौटने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार एवं जिला शिक्षा अधीक्षक सुभाष अनुराग एक्का ने सभी प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
प्रतियोगिता में जिला स्कूल की सृजता कुमारी ने नृत्य श्रेणी में पूरे राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त किया. इसके साथ ही उच्च विद्यालय नौडीहा-पाटन की आकांक्षी कुमारी ने गायन में, जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) पिपरा की प्रियांशु कुमारी ने नृत्य और अलीमा अंजुम ने गायन में शीर्ष दस (टॉप-10) में अपनी जगह बनाई.
सम्मान समारोह के दौरान एपीओ उज्ज्वल मिश्र, प्रधानाध्यापक राजीव रंजन मिश्रा, प्राचार्य प्रफुल्ल मिश्रा, टीम मेंटर अनुपम तिवारी, अरविंद दुबे, साकेत शुक्ला, रणजीत सिंह, हीरालाल यादव और दीपमाला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
यह उपलब्धि केवल पुरस्कार मात्र नहीं है, बल्कि पलामू की बेटियों के दृढ़ संकल्प, अदम्य साहस और असीम संभावनाओं का प्रतीक है. इन छात्राओं की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और उचित अवसर मिले, तो बेटियां हर सीमा को पार कर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं.