न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: गणेश लाल अग्रवाल (GLA) कॉलेज परिसर में प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (PM-USHA) के तहत लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित गर्ल्स हॉस्टल निर्माण के दौरान 200 से अधिक पेड़ों की संभावित कटाई का मामला गरमा गया है. पर्यावरण संरक्षक कमलेश कुमार सिंह ने जिला वन पदाधिकारी (DFO), मेदिनीनगर वन प्रमंडल को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की माँग की है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे हॉस्टल निर्माण के विरोधी नहीं हैं, बल्कि उनका उद्देश्य विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना है.
आवेदन में पेड़ों की संख्या को लेकर उठे विरोधाभास पर भी ध्यान आकर्षित किया गया है. प्रस्तावित स्थल पर 200 से अधिक पेड़ होने की जानकारी है, जबकि वन विभाग के रेंजर की पूर्व रिपोर्ट में केवल 118 पेड़ों का जिक्र किया गया था. इस अंतर को देखते हुए कमलेश कुमार सिंह ने किसी वरिष्ठ एवं स्वतंत्र वन अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष पुनः निरीक्षण कराने, प्रत्येक पेड़ की प्रजाति, मोटाई और GPS लोकेशन के साथ पारदर्शी रिकॉर्ड तैयार करने की माँग की है.
पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने पेड़ों को काटने के बजाय आधुनिक तकनीक से अनुभवी एजेंसियों के माध्यम से जड़ सहित स्थानांतरित (Tree Transplantation) करने का सुझाव दिया है. साथ ही हॉस्टल के नक्शे और DPR की पुनः समीक्षा कर वैकल्पिक डिजाइन तैयार करने का आग्रह किया गया है ताकि अधिक से अधिक पेड़ों को यथास्थान सुरक्षित रखा जा सके. ज्ञापन में पाकी के अंदाग जंगल में हुई कथित अवैध पेड़ कटाई के मामले की भी निष्पक्ष जाँच की माँग जोड़ी गई है.
कमलेश कुमार सिंह ने DFO से माँग की है कि स्वतंत्र जाँच और वैज्ञानिक स्थानांतरण की रिपोर्ट आने तक पेड़ों की कटाई पर पूर्ण रोक लगाई जाए. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बिना जाँच के पेड़ काटे गए, तो वे झारखंड उच्च न्यायालय का रुख करेंगे और प्रति पेड़ 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने की माँग करेंगे. इस मामले में उन्हें उच्च न्यायालय के वरीय अधिवक्ता श्री अभय कुमार मिश्रा से कानूनी परामर्श मिल रहा है. उन्होंने संदेश दिया है कि दान की गई इस ऐतिहासिक भूमि से शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी पूरे प्रदेश में जाना चाहिए.