न्यूज11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: हजारीबाग जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े कई आईडी और वेबसाइट मिले हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी के माध्यम से करोड़ों रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन किए जाने के साक्ष्य प्राप्त हुए हैं.मिली जानकारी के अनुसार हजारीबाग पुलिस को सूचना मिली थी कि जिले में गिरीश कुमार और राहुल कुमार का गिरोह ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन कर रहा है तथा युवाओं को सट्टेबाजी ऐप के माध्यम से जोड़कर अवैध कारोबार चला रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने कोर्रा थाना क्षेत्र में छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान राहुल कुमार मेहता को हिरासत में लिया गया. उसके पास से एक आईफोन और एक शाओमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया. मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित कई वेबसाइट और आईडी लॉगिन अवस्था में मिलीं, जिनमें स्काई एक्सचेंज, एक्सिस444 और रेड444 जैसी साइटें शामिल हैं. पूछताछ में राहुल कुमार ने बताया कि वह और उसका भाई गिरीश कुमार मिलकर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर सट्टेबाजी में शामिल करते थे. पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क का संचालन हजारीबाग के अलावा रामगढ़, रांची और चतरा जिलों में भी किया जा रहा था. तकनीकी जांच के दौरान बरामद आईडी से लगभग 3 से 4 करोड़ रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन होने की जानकारी सामने आई है.
पुलिस ने मामले में कोर्रा थाना कांड संख्या 94/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा The Promotion and Regulation of Online Gambling Act, 2025 के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस ने मौके से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
यह भी पढ़ें: बीएमडब्ल्यू कंपनी के संचालक को धमकाने वाले प्रिंस खान गैंग का 'स्थानीय चेहरा' गिरफ्तार