मनीष मंडल/न्यूज 11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: गिरिडीह जिला के बेंगाबाद प्रखंड के करणपुरा गांव स्थित आटा उत्पादन केन्द्र, कर्णपुरा, बेंगाबाद में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष, मुनिया देवी तथा विशिष्ट अतिथि उप विकास आयुक्त, स्मृता कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अंजना भारती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक JSLPS, प्रखंड प्रमुख, जिला प्रबंधक, प्रखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक, स्थानीय मुखिया समेत बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं, सामाजिक कार्यकर्ता तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, मुनिया देवी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की महिलाएं समाज के विकास की मजबूत आधारशिला बन चुकी हैं. स्वयं सहायता समूह की महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज के उत्थान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. इस अवसर पर महिलाओं के साहस, परिश्रम और संकल्प की सराहना की. उन्हें शिक्षा, स्वावलंबन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
मौके पर उप विकास आयुक्त, स्मृता कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं. शिक्षा, प्रशासन, व्यवसाय, खेल तथा सामाजिक सेवा जैसे अनेक क्षेत्रों में महिलाएं अग्रणी भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है. इस दौरान उप विकास आयुक्त ने गिरिडीह जिले के स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और विभिन्न विभागों में कार्यरत महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भरता की सराहना की गई. आगे उन्होंने बताया कि यह केन्द्र स्थानीय महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रहा है. यहां कार्यरत महिलाएं अपने परिश्रम और लगन से न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही हैं.
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अंजना भारती ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस नारी शक्ति, सम्मान और समानता का प्रतीक है. यह दिन हमें समाज, परिवार और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं के अमूल्य योगदान को याद करने और उन्हें सम्मान देने का अवसर प्रदान करता है. आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, विज्ञान, खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं. पहले जहां महिलाओं की भूमिका सीमित मानी जाती थी, वहीं आज वे आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं. उन्होंने उपस्थित महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें.
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के बारे में भी जागरूक किया गया. साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई. इस अवसर पर कुछ महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य और सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित भी किया गया. सम्मान प्राप्त करने वाली महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं. मौके पर मुख्य रूप से स्थानीय मुखिया राजेंद्र प्रसाद वर्मा, रेखा मंडल, मनीष कुमार, अन्नू कुमारी, रूबी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, देवंती कुमारी सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: गुदरी के लाल ने किया कमाल, फोटो फ्रेम मेकर का पुत्र साहिल कटारिया ने यूपीएससी परीक्षा मे मारी बाजी