न्यूज11 भारत
बगोदर/डेस्क: जमीन रसीद निर्गत करने एवं ऑनलाइन प्रविष्टि के नाम पर कथित अवैध वसूली के मामले में अंचलाधिकारी ने त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग पत्र जारी किए हैं. भाकपा माले नेताओं की शिकायत के बाद यह मामला प्रकाश में आया था.
बगोदरडीह निवासी पप्पू कुमार ठाकुर ने आरोप लगाया था कि अंचल कार्यालय में पदस्थापित सीओ जीप चालक नागेश्वर ठाकुर ने ऑनलाइन रसीद काटने एवं जमीन प्रविष्टि के नाम पर उनसे 36,000 रुपये लिए, लेकिन कार्य नहीं किया. इस संबंध में भाकपा माले नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने अंचलाधिकारी से मुलाकात कर लिखित आवेदन एवं भुगतान से जुड़े साक्ष्य सौंपे थे.
मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचलाधिकारी ने दिनांक 25/02/2026 को पहला पत्र जारी कर अंचल निरीक्षक (सीआई) को जांच का निर्देश दिया. पत्र में उल्लेख किया गया है कि आवेदक द्वारा 36,000 रुपये लेने का आरोप लगाया गया है, जिसकी विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया है.
इसके साथ ही उसी दिन जीप चालक नागेश्वर ठाकुर को अलग से दूसरा पत्र जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया. पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि ऑनलाइन रसीद काटने के नाम पर राशि लेने का आरोप गंभीर प्रकृति का है, अतः निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करें, अन्यथा वरीय पदाधिकारी को सूचित करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस संबंध में अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार ने पूर्व में दिए अपने बयान में कहा था कि राशि के लेन-देन का मामला सामने आया है. यह प्रकरण उनके कार्यकाल से पूर्व का है, आरोप लगाने वाले और आरोपी दोनों आपस में नजदीकी रिश्तेदार हैं. उन्होंने बताया कि पैसे का ट्रांसफर हुआ है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि किस मद में राशि दी गई. तमाम बिंदुओं की सत्यता की जांच के लिए सीआई को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान चालक द्वारा आंशिक राशि लेने की बात स्वीकार की गई है, वहीं भुक्तभोगी ने अधिक राशि देने का दावा किया है. अंचलाधिकारी के निर्देश के बाद पूरी राशि लौटा दिए जाने की बात सामने आई है.
इधर, भाकपा माले नेताओं ने अंचल कार्यालय में कथित बिचौलिया तंत्र की जांच की मांग दोहराई है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें: थाना परिसर में होली व रमजान-ईद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, सौहार्द का दिया गया संदेश