राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
चंदवा/डेस्क: टोरी में वर्षों से लंबित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण परियोजना को गति देने और इसके मार्ग में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए चतरा सांसद कालीचरण सिंह लगातार प्रयासरत हैं. उक्त बातें सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद ने कही है. उन्होंने बताया कि सांसद कालीचरण सिंह आरओबी निर्माण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए लगातार पहल कर रहे हैं. चाहे परियोजना की लागत (प्राक्कलन) में वृद्धि का मामला हो, भूमि अधिग्रहण से संबंधित अड़चनें हों या फिर प्रभावित रैयतों के मुआवजे में बढ़ोतरी का मुद्दा, सांसद ने संबंधित विभागों, मंत्रालयों तथा संसद में भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया है.
उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि परियोजना का प्राक्कलन बढ़कर लगभग 119 करोड़ रुपये हो गया है. दीपक निषाद ने कहा कि हाल ही में आयोजित दिशा समिति की बैठक में सांसद ने जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए थे, जिसके बाद परियोजना से संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी आई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि निकट भविष्य में इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा और निर्माण कार्य का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त होगा.
उन्होंने कहा कि टोरी आरओबी की समस्या दशकों पुरानी और जटिल रही है. विभिन्न प्रशासनिक एवं तकनीकी कारणों से यह महत्वपूर्ण परियोजना लगभग एक दशक से लंबित थी. हालांकि सांसद के सतत प्रयासों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण अब यह परियोजना अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है.
आरओबी निर्माण से संबंधित अधिकांश कागजी प्रक्रियाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं. अंत में दीपक निषाद ने कहा कि सांसद कालीचरण सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास का अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा जनता के हित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर सकारात्मक और सार्थक पहल आगे भी की जाती रहेगी.
यह भी पढ़ें: चंदवा में सिरी सीड्स की किसान गोष्ठी आयोजित, डेमो ट्रायल के लिए धान-मक्का बीज वितरित