न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के बड़कागांव में NTPC के खनन कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पानी के टावर को डायनामाइट से उड़ाए जाने के मामले में अब राज्य सरकार ने NTPC के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद का आरोप है कि कंपनी ने विभाग को बिना किसी पूर्व सूचना के करोड़ों की लागत से बने पानी के टावर को विस्फोट कर ध्वस्त कर दिया. मंत्री के मुताबिक इस कार्रवाई से सरकार को करीब 25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. मामले में केरेडारी थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है. वहीं NTPC का कहना है कि संबंधित जमीन खनन क्षेत्र में आती है और इस संबंध में जिला प्रशासन को पहले ही सूचना दी गई थी.
बड़कागांव में NTPC के खनन कार्य के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की सरकारी परिसंपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा है. विभागीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद के मुताबिक 12 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा था. जिसका करीब 90 फीसदी काम पूरा हो चुका था. लेकिन आरोप है कि NTPC ने बिना विभाग को जानकारी दिए डायनामाइट से टावर को उड़ा दिया. इतना ही नहीं, इलाके में बिछाई गई कई पाइपलाइन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. मंत्री का दावा है कि इस पूरी कार्रवाई से सरकारी खजाने को करीब 25 करोड़ रुपये की चपत लगी है.
इस मामले को सरकार ने गंभीरता से लिया है. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से केरेडारी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है. वहीं मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को पूरे मामले की समीक्षा करने और नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया है. मंत्री का कहना है कि किसी भी सरकारी परिसंपत्ति को नुकसान पहुंचाने से पहले संबंधित विभाग को सूचना देना जरूरी है. अगर NTPC की कार्रवाई से सरकारी संपत्ति को नुकसान हुआ है, तो उसकी भरपाई कंपनी को करनी होगी.
हालांकि NTPC ने मंत्री के आरोपों पर अपना पक्ष भी रखा है. कंपनी के वरीय अधिकारियों के मुताबिक जिस जमीन पर पानी का टावर बनाया गया था, वह खनन क्षेत्र के अंतर्गत आती है. NTPC का दावा है कि इस संबंध में जिला प्रशासन को पहले ही पत्राचार के जरिए जानकारी दी गई थी. कंपनी लंबे समय से पानी की टंकी हटाने को लेकर भी पत्राचार कर रही थी.
फिलहाल पानी के टावर को लेकर NTPC और सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. एक तरफ विभाग 25 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ NTPC जमीन को खनन क्षेत्र बताकर अपनी कार्रवाई का बचाव कर रही है. अब बड़ा सवाल यही है कि सरकारी पानी की टंकी को उड़ाने की नौबत क्यों आई? क्या इसके लिए किसी की जवाबदेही तय होगी और सरकारी खजाने को हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा?
यह भी पढ़ें- डॉ. डीके सिन्हा फिर बने रिम्स के निदेशक, छह महीने का सेवा विस्तार