न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के हजारीबाग क्षेत्र से जुड़े चर्चित आपराधिक मामले में बड़ी कानूनी राहत सामने आई है. कुख्यात डकैत भोला महतो उर्फ जगदीश महतो को झारखंड हाई कोर्ट ने जमानत दे दी है. वह 5 अप्रैल 2021 से जेल में बंद था. यह फैसला न्यायाधीश आनंदा सेन की अदालत ने सुनवाई के बाद सुनाया. लंबे समय से लंबित इस मामले में अदालत से राहत मिलने के बाद अब उसकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है.
कई जिलों में फैला आपराधिक नेटवर्क
भोला महतो उर्फ जगदीश महतो का आपराधिक रिकॉर्ड झारखंड के कई इलाकों में फैला हुआ है. उसके खिलाफ टाटीझरिया, दारू, इचाक, बरही, पदमा, विष्णुगढ़, गिद्दौर और मनिका जैसे थाना क्षेत्रों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. जानकारी के अनुसार, उसके खिलाफ पहला मामला वर्ष 2014 में टाटीझरिया थाना में डकैती के आरोप में दर्ज हुआ था. इसके बाद वह लगातार विभिन्न इलाकों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता रहा.
ये भी पढ़ें- झारखंड में मादक पदार्थों की बढ़ती बिक्री पर हाईकोर्ट ने जताई गंभीर चिंता, सरकार को SOP के अनुपालन करने का दिया निर्देश