न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के सेवती गांव निवासी 23 वर्षीय अभिषेक कुमार शर्मा रहस्यमय परिस्थितियों में रांची से लापता हो गया है. अभिषेक, अजय शर्मा का छोटा पुत्र है और पिछले कुछ वर्षों से रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत चटक्कपुर मोहल्ला, शांतिनगर (एसबीएन स्कूल के सामने) में किराये के कमरे में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था. परिजनों के अनुसार, अभिषेक 4 जुलाई 2026, शनिवार की शाम करीब 6 बजे अपने कमरे से अकेले निकला था. इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका. परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन 8 जुलाई तक उसका कोई सुराग नहीं मिला.
परिजनों ने रातू थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है. उनका कहना है कि यदि समय रहते गंभीरता से कार्रवाई होती तो अब तक कोई सुराग मिल सकता था. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर अभिषेक की सकुशल बरामदगी की मांग की है. अभिषेक की पहचान 5 फीट 7 इंच लंबाई, सांवला रंग, घटना के समय हल्के हरे रंग की शर्ट, भूरे रंग की लाइनिंग वाली पैंट तथा पैरों में चप्पल पहने हुए के रूप में की जा सकती है. परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को अभिषेक कुमार शर्मा के संबंध में कोई जानकारी मिले तो मोबाइल नंबर 7870062132 या 9031756283 पर तत्काल सूचना दें.