विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण प्रखंड के दादपुर पैक्स अध्यक्ष पद का चुनाव इस बार पूरे क्षेत्र में चर्चा और प्रतिष्ठा का विषय बना रहा. चुनाव में राजनीतिक रणनीति, परदे के पीछे की लॉबिंग, मतदाताओं को साधने की कोशिश और कथित पैसे के खेल ने माहौल को पूरी तरह गरमा दिया. अंततः बेहद रोमांचक मुकाबले में अमित सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रामवृक्ष सिंह उर्फ मिशन सिंह को महज एक वोट से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया.
शनिवार को दादपुर पैक्स में अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल में मतदान कराया गया. चुनाव प्रक्रिया बीसीओ भूपनाथ महतो एवं एमओ विक्रम पांडेय के नेतृत्व में संपन्न हुई. मतदान समाप्त होने के बाद जैसे ही मतगणना शुरू हुई, पूरे क्षेत्र की नजर परिणाम पर टिक गई. अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर देखने को मिली और अंततः परिणाम ने सभी को चौंका दिया.
मतगणना में अमित सिंह को 124 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रामवृक्ष सिंह उर्फ मिशन सिंह को 123 वोट मिले. वहीं श्यामसुन्दर सिंह को 92 मत प्राप्त हुए. सबसे अधिक चर्चा महेश्वरी मेहता को लेकर रही, जिन्हें चुनाव से 24 घंटे पहले मैदान छोड़ने के बावजूद चार वोट मिले. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यही चार वोट चुनाव का पूरा समीकरण बदल गए और जीत-हार का निर्णायक कारण बने.
चुनाव के दौरान तीनों प्रमुख उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी. गांव-गांव में बैठकों का दौर चला, समर्थकों की सक्रियता बढ़ी और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार रणनीति बनाई गई. चर्चा यह भी रही कि चुनाव में खर्च भी किया गया और पर्दे के पीछे से जबरदस्त लॉबिंग हुई.
दादपुर पैक्स के अंतर्गत अमरौल, दादपुर, हथिया, नेवरीकरमा, छतरपुरा गांवों के किसान सदस्य है. यही कारण रहा कि चुनाव को लेकर पूरे क्षेत्र में असाधारण उत्साह देखने को मिला. सदस्य पद पर किरण देवी, तुलसी देवी, अखिलेश कुमार सिंह, सुनीता देवी, पंकज दांगी, जितेंद्र सिंह, दुलारी दांगी, सरिता कुमारी, रामकृत सिंह एवं महेश भुइयां निर्वाचित घोषित किए गए. परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर जीत का जश्न मनाया. पूरे चौपारण क्षेत्र में दादपुर पैक्स चुनाव परिणाम चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है.
यह भी पढ़े: खेत में जाने से पहले चेक कर ले ये ऐप, वरना पड़ सकता है भारी! अब फोन बताएगा आसपास छिपा सांप