न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची साइंस सेंटर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन रघुवंश मणि (इंचार्ज, रांची साइंस सेंटर) की अध्यक्षता में संपन्न हुआ. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना था. इंचार्ज रघुवंश मणि ने अपने संबोधन में विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर विशेष बल दिया. उन्होंने कहा कि विज्ञान और अनुसंधान में महिलाओं का योगदान समाज की प्रगति के लिए अनिवार्य है. उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि वे वैज्ञानिक सिद्धांतों को केवल पढ़ें नहीं, बल्कि उन्हें अपने दैनिक व्यवहार में लाएं और समाज की समस्याओं के समाधान हेतु कार्यान्वित करें. उन्होंने रेखांकित किया कि महिलाएं अब डेटा साइंस, इंजीनियरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे जटिल क्षेत्रों में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं.
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. राज शेखर प्रसाद (कार्यपालक निदेशक, JCSTI) द्वारा सुबह 11:00 बजे किया गया . डॉ. प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान, तकनीक और नवाचार आधुनिक समाज की आधारशिला हैं उन्होंने छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर प्रयोग आधारित शिक्षा अपनाने और विज्ञान को समझकर व्यवहार में लाने के लिए प्रेरित किया.
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, रांची की व्याख्याता डॉ. शोभा अग्रवाल ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की. उन्होंने वैज्ञानिक सिद्धांतों की प्रासंगिकता और तकनीकी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला. उनके व्याख्यान का उद्देश्य जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को छात्रों के लिए सरल और सुलभ बनाना था. इस अवसर परJ CSTI के तकनीकी अधिकारी प्रियरंजन भी उपस्थित रहे. उन्होंने छात्रों को विज्ञान को समझकर व्यवहार में लाने के लिए प्रेरित किया.

छात्रों के लिए विभिन्न संवादात्मक सत्रों का आयोजन किया गयाः
सिट एंड ड्रा प्रतियोगिताः प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया.
मैथमेटिक्स वर्कशॉपः 'इंटरएक्टिव मैथमेटिक्स' पर आधारित एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें गणित को व्यावहारिक रूप से सीखने पर जोर दिया गया.
ओपन हाउस साइंस क्विजः दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक विज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों की सक्रिय भागीदारी रही.
इन गतिविधियों में निर्मला कॉन्वेंट, एमएमके हाई स्कूल, विद्या विकास पब्लिक स्कूल, ASTVS CM SOE (जिला स्कूल) के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
निबंध लेखन प्रतियोगिता के परिणामः
प्रथम स्थान - प्रभा कुमारी (विद्या विकास पब्लिक स्कूल, रांची)
द्वितीय स्थान - अवन्तिका कुमारी (निर्मला कॉन्वेंट, रांची)
तृतीय स्थान - प्रिया कुमारी (ASTVS CM SOE- जिला स्कूल)
इंचार्ज का संदेश
रघुवंश मणि ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास विकसित करने और उन्हें डेटा साइंस, एआई और इंजीनियरिंग जैसे आधुनिक क्षेत्रों के लिए तैयार करने में सहायक होते हैं. क्यूरेटर सुभासिस दास ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. उन्होंने सेंटर के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की. यह आयोजन शैक्षणिक रूप से अत्यंत सफल, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा, जिसमें रांची के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया.