ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: चंदनकियारी थाना क्षेत्र में हुए नमिता देवी हत्याकांड के मामले में पुलिस ने हत्या से जुड़े अहम सुराग देने वाले व्यक्ति को ₹20,000 इनाम देने की घोषणा की है. पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा. आम लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी के पास कोई भी जानकारी हो तो वह आगे आए.
हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला के घर से लापता होने के लगभग 14वें दिन उसका शव बरामद हुआ. सवाल यह उठता है कि वह 13 दिन तक कहां रही, किसके संपर्क में थी और किन परिस्थितियों में उसकी हत्या हुई. वहीं शव मिलने के एक सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ ठोस सुराग नहीं लग पाए हैं और अब तक केवल संदिग्धों से पूछताछ ही की जा रही है.
इतने गंभीर और जघन्य अपराध के बावजूद जांच में देरी और स्पष्ट दिशा के अभाव को लेकर लोगों में आक्रोश है. स्थानीय जनता पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछ रही है कि इतने बड़े मामले में अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी.
गौरतलब है कि बोकारो सेक्टर-2 निवासी बीएसएल कर्मी हरिराम गोप की 55 वर्षीय पत्नी नमिता देवी 20 जनवरी की सुबह लापता हो गई थीं, जिनका शव बाद में चंदनकियारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास झाड़ियों में जली अवस्था में बरामद हुआ था, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी.
अब देखना होगा कि पुलिस इनाम की घोषणा के बाद कितनी जल्दी इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर पाती है.