संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: जपला-हैदरनगर मुख्य पथ पर स्थित दो रेलवे क्रॉसिंग से होने वाली जाम की समस्या अब जल्द ही समाप्त होने वाली है. पलामू सांसद विष्णुदयाल राम द्वारा रेल मंत्री को लिखे गए पत्र के बाद रेल प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. इसी क्रम में शनिवार को रेलवे के मंडल अभियंता दिवाकर प्रसाद विद्यार्थी, हुसैनाबाद एसडीओ गौरांग महतो, जिप उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह और हैदरनगर अंचल पदाधिकारी संतोष कुमार ने रेलवे क्रॉसिंग बीती-50 का स्थलीय निरीक्षण किया.
तत्काल समाधान के लिए बनेगा अंडरपास और सड़क
निरीक्षण के दौरान मंडल अभियंता दिवाकर प्रसाद विद्यार्थी ने बताया कि आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) के निर्माण में समय लगता है, इसलिए जनता की सुविधा हेतु तत्काल अंडरपास का निर्माण किया जाएगा. इसके साथ ही उच्च विद्यालय तक नई सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा. उन्होंने अंचल पदाधिकारी से भूमि संबंधी आवश्यक जानकारी ली और आश्वस्त किया कि इसी माह सड़क और अंडरपास की व्यवस्था कर दी जाएगी.
बड़े वाहनों के लिए खुला रहेगा रेलवे गेट
अभियंता ने स्पष्ट किया कि जब तक आरओबी का निर्माण पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक वर्तमान रेलवे गेट को चालू रखा जाएगा ताकि भारी वाहनों के आवागमन में कोई बाधा न आए. रेलवे की बगल की जमीन पर सड़क बन जाने से क्रॉसिंग की करीब 60 प्रतिशत समस्या का समाधान तुरंत हो जाएगा.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
जिप उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह उर्फ टूटू सिंह ने कहा कि यह इस क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या है. उन्होंने रेल प्रशासन को भरोसा दिलाया कि कार्य शुरू होने पर स्थानीय जनता और सभी पंचायत प्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग मिलेगा. अंडरपास बनने से जाम से पूरी तरह छुटकारा मिल जाएगा.
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि अजय जायसवाल, हैदरनगर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, मुखिया जितेंद्र कुमार सिंह, पंसस गुप्तेश्वर पांडेय, जेएमएम नेता विवेकानंद सिंह, समाजसेवी सज्जू खान सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: गढ़वा उप विकास आयुक्त ने नीट-यूजी परीक्षा को लेकर पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों के साथ की बैठक