प्रभात कुमार/न्यूज11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पुल निर्माण की मांग को लेकर मांगपत्र सौंपा. विधायक ने मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत क्षेत्र की लंबे समय से लंबित आधारभूत संरचना संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए चार महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया. सौंपे गए मांग पत्र में विधायक ने ईचागढ़ प्रखंड के टीकर गांव में करकरी नदी पर टीकर पुल, चांडिल प्रखंड में एनएच -33 और जयदा मंदिर जाने वाले रास्ते पर पुल, कुकड़ू प्रखंड के बड़ालापांग एवं सम्पतडीह गांव के बीच शोभा नदी पर पुल तथा नीमडीह प्रखंड के लावा में पुल निर्माण की मांग की.
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के ग्रामीणों को वर्षों से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. बरसात के दिनों में नदी और नालों में जलस्तर बढ़ जाने से कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है. विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रस्तावित पुलों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा. विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में सुविधा होगी, वहीं मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. इसके अलावा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
उन्होंने कहा कि पुलों के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी. मुख्यमंत्री से इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया गया है. मुख्यमंत्री ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करने का आश्वासन दिया. उक्त बात की जानकारी विधायक के आप्त सचिव सह झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने दी.
यह भी पढ़ें: झारखंड-बंगाल को जोड़ने वाला गाड़ाडीह पुल 6 साल से अधूरा, ग्रामीणों ने सरकार को दिया अल्टीमेटम