विकास कुमार/न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिला के मोहम्मदगंज प्रखंड अंतर्गत आदर्श राजकीयकृत +2 रहमानिया उच्च विद्यालय तारा में गुरुवार को स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने 11 अतिरिक्त कमरों के भवन निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया.विधायक के विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य, शिक्षकों एवं राजद कार्यकर्ताओं ने फूल-माला, गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंटकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि शिक्षा मनुष्य के विकास की बुनियाद है. विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. 11 नए कमरे बनने से विद्यालय में कक्षाओं के संचालन में सहूलियत होगी और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा.
उन्होंने जल्द ही विद्यालय की चहारदीवारी का निर्माण कराने की भी घोषणा की.विधायक ने कहा कि क्षेत्र के जर्जर विद्यालयों और कमरों की कमी वाले स्कूलों में निर्माण कार्य कराया जा रहा है. रहमानिया उच्च विद्यालय और शहीद भगत सिंह इंटर महाविद्यालय सहित अन्य इंटर कॉलेजों में छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा, ताकि दूर-दराज के गरीब और दलित छात्र-छात्राएं वहां रहकर पढ़ाई पूरी कर सकें. उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार जल्द ही सभी उच्च विद्यालयों में एआई से पढ़ाई शुरू करने की दिशा में काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगभग 150 खराब ट्रांसफार्मर बदले गए हैं. कामत में धूमकुड़िया भवन का निर्माण होगा. वहीं बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए पांच सबस्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें एक कोशियारा में भी प्रस्तावित है. विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली इंडिया गठबंधन सरकार की सराहना करते हुए कहा कि सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले से 20 मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए डीसी के अनुशंसा के बाद देश के बड़े शहरों में भेजा जाता है , जिसका पूरा खर्च सरकार वहन करती है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की.
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजद के अनुमंडलीय अध्यक्ष खुर्शीद अहमद ने विधायक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयास से ही रहमानिया विद्यालय को इंटर विद्यालय की मान्यता मिली थी. उन्होंने क्षेत्र की बिजली समस्या को विधानसभा में उठाकर समाधान कराने तथा सिंचाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए परता, चचरीया और बुद्धुआ माइनर सहित कुल नौ माइनरों के निर्माण कार्य का भी उल्लेख किया. मौके पर वरिष्ठ राजद नेता कलामुद्दीन खां, हुसैनाबाद प्रखंड अध्यक्ष सुधेश्वर राम, मोहम्मदगंज प्रखंड अध्यक्ष पचू रजवार, पाले खां, गणेश मेहता, हैदरनगर प्रखंड अध्यक्ष शमीम खान, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार, राजेश्वर यादव, छवि पासवान, परवेज अहमद, सोनू कुमार, संवेदक मनोज सिंह, गफ्फार अंसारी, अर्जुन यादव, धीरज कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में खाद्य सुरक्षा टीम ने नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न लाइन होटलों में चलाया औचक निरीक्षण अभियान