रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव क्षेत्र के कुसमिता पंचायत में सोमवार को ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई. पंचायत के कुसमिता टोला पातोरसाईं से जलडिहा भाया गोनोसाईं, बड़ा कुसमिता तक 6.55 किलो मीटर तक बनने वाली सड़क का शिलान्यास मझगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक निरल पूर्ति की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया.शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी होती है.
ग्रामीण सड़कों के निर्माण से गांवों में रहने वाले लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी. इससे ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय और जिला मुख्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार मुख्य सड़कों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को भी विशेष प्राथमिकता दे रही है, ताकि सुदूरवर्ती गांवों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके. जिससे सरकार के विकास का काम अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंच सके. जब किसी क्षेत्र में सड़क का निर्माण होता है तो उस क्षेत्र में विकास का काम भी तेजी के साथ होने लगता है. इसी को लेकर प्राथमिकता के साथ महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है.
इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक निरल पूर्ति सहित अन्य अतिथियों का पारंपरिक नृत्य और फूलमाला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया. इसके बाद स्थानीय रीति-रिवाज के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना कर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया.कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद भी किया और क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी तथा संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई का प्रयास होगा. इस मौके पर स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, मानकी-मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. सड़क निर्माण की पहल से क्षेत्र के लोगों में खुशी देखी गई.
यह भी पढ़ें: ज्ञान, संस्कृति और रोमांच का संगमः सरला बिरला पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की गुजरात-मुंबई यात्रा