न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के झरिया चौक के सामने बीती रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने दोनों दुकानों का ताला तोड़कर अंदर रखे सामानों पर हाथ साफ कर दिया. एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, दोनों दुकानदार शंकर पातर और सत्यबान पोइड़ा रोजाना की तरह रात करीब 8 से 9 बजे के बीच अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे. इसी दौरान रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने दुकानों को निशाना बनाया. चोरों ने पहले दुकानों के ताले तोड़े और फिर अंदर प्रवेश कर सामानों की चोरी कर ली. एक दुकान में रखे लगभग सभी सामान चोर अपने साथ ले गए, जबकि दूसरी दुकान से गैस चूल्हा और गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया.
सुबह घटना की जानकारी मिलने पर दुकानदारों को चोरी का पता चला. इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. घटना के बाद से क्षेत्र के व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है. सुचना पाकर बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंचकर जाँच पड़ताल में जुटी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं होने से दुकानदारों और आम लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से झरिया चौक समेत आसपास के क्षेत्रों में रात्रि गश्ती बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: आज रांची आयेंगे CJI सूर्यकांत, नए डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन