संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
चांडिल/डेस्क: एमबीएनएस ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन द्वारा शनिवार को श्री आचार्य गुरुकुल एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा संचालित, आसनबनी परिसर में 700 से अधिक ग्रामीणों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. कड़ाके की ठंड को देखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद ग्रामीणों को राहत प्रदान करना रहा. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में विधायक सविता महतो उपस्थित रहीं. उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में कॉलेज के संरक्षक एवं पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती, जिला परिषद प्रतिनिधि ओमप्रकाश लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, ग्राम प्रधान प्रबोध उरांव, कॉलेज के गार्जियन रामकेवल सिंह, कॉलेज अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह, डायरेक्टर अनुपा सिंह, एवं समाजसेवी दिलीप महतो उपस्थित रहे. सभी अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में कंबल वितरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
उल्लेखनीय है कि एमबीएनएस ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन द्वारा यह सामाजिक पहल विगत चार–पाँच वर्षों से निरंतर की जा रही है. पूर्व वर्षों में साड़ी, शाल, पैंट एवं शर्ट का वितरण किया जाता रहा है, जबकि इस वर्ष भीषण ठंड को ध्यान में रखते हुए कंबल वितरण का निर्णय लिया गया. यह कार्यक्रम श्री आचार्य गुरुकुल एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित किया गया. अपने संबोधन में विधायक सविता महतो ने संस्थान द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं. उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने की अपील की. वहीं, कॉलेज के संरक्षक महंत विद्यानंद सरस्वती ने संस्थान को भविष्य में विश्वविद्यालय के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ने तथा सामाजिक दायित्वों को और अधिक व्यापक स्तर पर निभाने हेतु प्रेरित किया.
यह भी पढ़ें: झारखंड राज्य सूचना आयोग पांच वर्षों से ठप, 25 हजार से अधिक अपीलें लंबित