संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
चांडिल/डेस्क: International Women's Day के अवसर पर आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत कुकरू मध्य आंगनवाड़ी केंद्र सहित अन्य आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष जागरूकता शिविर एवं गोद भराई कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा समग्र कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था.
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों एवं गर्भवती महिलाओं को संतुलित पोषण, स्वच्छता, बालिकाओं के लिए शौचालय के उपयोग एवं रख-रखाव तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कर उन्हें पूरक पोषण (Supplementary Nutrition) के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया.
इस अवसर पर आकांक्षी प्रखंड फेलो श्री सागर कुमार ने महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सम्मान देना केवल उनका अधिकार ही नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने बताया कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, राजनीति और खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं.
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि Jharkhand State Livelihood Promotion Society के माध्यम से झारखंड में लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है.
शिक्षा के क्षेत्र में भी बदलाव देखने को मिला है. झारखंड में महिला साक्षरता दर लगभग 56% के आसपास है, जो पहले की तुलना में लगातार बढ़ रही है. सरकार की योजनाएँ जैसे Beti Bachao Beti Padhao और Sukanya Samriddhi Yojana लड़कियों की शिक्षा और सुरक्षा को बढ़ावा दे रही हैं.
इस अवसर पर ICDS की महिला पर्यवेक्षिका श्रीमति मीनाक्षी पांडेय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के ब्लॉक वाश कॉर्डिनेटर देशबंधु महतो , आंगनवाड़ी सेविका के साथ साथ ग्रामीण महिलाओं भी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: कलश यात्रा और भंडारे के जयकारे से गूंजा बड़काडीह, नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां