न्यूज11 भारत
मनोहपुर/डेस्क: मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर–आनंदपुर मुख्य मार्ग पर रायकेरा गांव स्थित तरतरा मोड़ के समीप बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक स्कूली छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल छात्रा की पहचान 11 वर्षीय सूर्या तोपनो के रूप में हुई है, वह आनंदपुर थाना क्षेत्र के रुंघीकोचा पंचायत अंतर्गत होनतोपा गांव की निवासी है. बताया जा रहा है कि छात्रा अपनी माता के साथ संत जोसफ स्कूल, चारबंदिया (आनंदपुर) में नामांकन के लिए जा रही थी और तरतरा मोड़ पर टेम्पो का इंतजार कर रही थी.इसी दौरान आनंदपुर से मनोहरपुर की ओर आ रही एक अज्ञात तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें: मनोहरपुर में जेएसएलपीएस के पंचायत और ग्राम स्तरीय कैडरों का मानदेय लंबित, कार्यकर्ताओं ने जताई चिंता