न्यूज़11 भारत
मनोहरपुर/डेस्क: स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार, स्थानीय नीति लागू करने तथा वर्षों से लंबित विकास कार्यों की मांग को लेकर बुधवार सुबह 10 बजे से चिड़िया, बिनुवा, लोडो, टिमरा, सौदा और अंकुवा गांवों के ग्रामीणों ने संयुक्त ग्रामसभा परिषद के बैनर तले अंकुवा गांव के समीप मनोहरपुर–छोटानागरा 320जी मुख्य सड़क को अनिश्चितकाल के लिए जाम कर दिया. करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस आंदोलन के कारण सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप रहा. करीब दोपहर 1:30 बजे मनोहरपुर के अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्तिकुंज की मौजूदगी में सेल चिड़िया खदान के महाप्रबंधक रवि रंजन तथा उप महाप्रबंधक रतन पतरी ने संयुक्त ग्रामसभा परिषद को चार प्रमुख मांगों पर लिखित आश्वासन सौंपा. इसके बाद आंदोलनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और मार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया.
ग्रामीणों ने कहा कि चिड़िया खदान से सबसे अधिक प्रभावित गांवों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, जिसके कारण उन्हें पलायन करना पड़ रहा है. उनका आरोप था कि सेल प्रबंधन स्थानीय लोगों के साथ सौतेला व्यवहार करता है. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों से मिलने के दौरान उन्हें मुख्य द्वार से प्रवेश तक नहीं करने दिया जाता, जिससे स्थानीय लोगों की उपेक्षा स्पष्ट होती है.
वार्ता के दौरान सेल प्रबंधन ने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि संयुक्त ग्रामसभा परिषद के अंतर्गत आने वाले चिड़िया, बिनुवा, लोडो, टिमरा, सौदा और अंकुवा गांवों के स्थानीय युवक-युवतियों को संबंधित गांवों के मुंडाओं की अनुशंसा पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा. स्थानीय नियोजन नीति एवं विकास कार्यों की समीक्षा के लिए प्रत्येक माह सेल प्रबंधन और गांवों के मुंडाओं के बीच बैठक होगी. सीएसआर मद से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा तथा बिरसा चौक (चिड़िया) से अंकुवा चौक तक लगभग पांच किलोमीटर जर्जर सड़क का पक्कीकरण कराया जाएगा.लिखित सहमति मिलने के बाद संयुक्त ग्रामसभा परिषद ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की. हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर आश्वासन पर ठोस पहल नहीं हुई तो आगामी शनिवार से मनोहरपुर–छोटानागरा मुख्य मार्ग पर फिर से अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा. ग्रामीणों ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल रोजगार की नहीं, बल्कि स्थानीय अधिकार, सम्मान और क्षेत्र के समग्र विकास की भी है.