न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी में असामाजिक तत्वों और अराजक गतिविधियों के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है. सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, खुले में शराब पीने, नशाखोरी और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए शहर के 50 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर एक साथ सघन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान 100 से अधिक लोगों पर कार्रवाई की गई.
अभियान के दौरान फिरायालाल चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड समेत प्रमुख बाजार और चौक-चौराहों पर पुलिस ने सघन जांच की. इसके अलावा ओटीसी ग्राउंड, डीआईजी ग्राउंड, मोराबादी मैदान और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी संदिग्ध लोगों की जांच की गई. धुर्वा स्मार्ट सिटी परिसर, रिंग रोड से सटे सुनसान इलाकों, खाली प्लॉट और अंधेरे वाले संवेदनशील रास्तों पर भी पुलिस की विशेष नजर रही. शराब दुकानों के आसपास, ढाबों, गुमटियों और नुक्कड़ों पर भी पुलिस ने जांच अभियान चलाया. खुले में शराब पीने, संदिग्ध रूप से घूमने और हुड़दंग करने वाले 100 से अधिक लोगों को पकड़ा गया. पुलिस ने सभी के नाम-पते दर्ज करते हुए उन्हें भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी.
पूरे अभियान की मॉनिटरिंग एसपी स्तर के अधिकारियों द्वारा रियल टाइम में की गई. डीएसपी खुद फील्ड में मौजूद रहे और थाना प्रभारियों व सशस्त्र पुलिस बल के साथ विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया. पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली, वाहनों की जांच की और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से जमावड़ा लगाने वालों को हटाया. अभियान का मुख्य उद्देश्य राजधानी में असामाजिक तत्वों, मनचलों और आदतन अपराधियों पर नकेल कसना है.
यह भी पढ़ें- 'सरकार और सिस्टम पर जरा भी भरोसा नहीं...' मुंडा समाज के एक धड़े ने SIR प्रक्रिया में शामिल होने से किया इनकार