विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण प्रखंड के झापा पंचायत में PACS अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया जा रहा था, तभी करीब 20 से 25 बैंक खाताधारी मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया. खाताधारियों ने अपनी जमा पूंजी वापस करने की मांग को लेकर चुनाव का विरोध किया और मतदान पेटी को उठाने की कोशिश की. स्थिति बिगड़ने के बाद मतदान प्रक्रिया रद्द करनी पड़ी. जब भी हम पैसा निकालने आते हैं, बैंक बंद मिलता है. आज चुनाव के लिए बैंक कैसे खुल गया? जब तक पैसा वापस नहीं मिलेगा, चुनाव नहीं होने देंगे.
जानकारी के मुताबिक मतदान की तैयारी चल रही थी, तभी खाताधारियों ने पहुंचकर विरोध जताया. करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा. सूचना पर चौपारण पुलिस के ASI मनोज सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. ASI ने थाना प्रभारी पंकज कुमार से भी फोन पर बात कराई, लेकिन खाताधारी नहीं माने.
इसी बीच सबसे बड़ा ड्रामा तब हुआ जब चुनाव प्रभारी AGM भूपनाथ महतो, BPO संतोष कुमार और अन्य अधिकारी मतदान पेटी लेकर जाने लगे. खाताधारियों ने पेटी को बैंक में रखने की मांग की. इसी दौरान ग्राम नीमा निवासी कृष्णदेव डांगी ने आक्रोश में आकर बगल के तालाब में छलांग लगा दी. तालाब गहरा होने से वह डूबने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाल लिया. पुलिस की मौजूदगी में बड़ा हादसा टल गया.
घटना के बाद चुनाव प्रभारी सह AGM भूपनाथ महतो ने लिखित आवेदन देकर चुनाव रद्द करा दिया और PACS कार्यालय में ताला लगा दिया गया. अब सवाल ये है कि आखिर खाताधारियों की जमा पूंजी कब लौटेगी? बैंक आखिर बंद क्यों रहता है? इस घटना ने PACS व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.