न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले की विश्रामपुर थाना पुलिस ने वर्ष 2022 में पिपरा स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र में हथियार के बल पर हुई डेढ़ लाख रुपये की लूट मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी कुंदन पासवान को बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र स्थित उसके ससुराल तोल ग्राम से धर दबोचा. पकड़ा गया आरोपी पलामू जिले के छतरपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया गांव का रहने वाला है, जिसकी उम्र करीब 33 वर्ष है और उसके पिता का नाम स्वर्गीय नरेश पासवान है.
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि 25 अप्रैल 2022 को विश्रामपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव स्थित ग्राहक सेवा केंद्र में छह हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर डेढ़ लाख रुपये की लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था. इस घटना को लेकर विश्रामपुर थाने में लूट का मामला दर्ज कर पुलिस अनुसंधान में जुट गई थी. छानबीन के दौरान पुलिस ने पूर्व में ही इस घटना में शामिल पांच सह-अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था. इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और मोटरसाइकिल को भी पुलिस द्वारा पहले ही बरामद किया जा चुका था. इस पूरे मामले में केवल कुंदन पासवान ही पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं. इसी क्रम में पुलिस को उसकी छिपे होने की सटीक जानकारी मिली, जिसके बाद छापेमारी दल ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अपराधी कुंदन पासवान का लंबा और गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ पलामू और गढ़वा जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और सरकारी नियमों के उल्लंघन से जुड़े कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें गढ़वा शहर थाना, कांडी थाना, हुसैनाबाद थाना, हैदरनगर थाना और छतरपुर थाने में दर्ज कई संगीन मामले शामिल हैं, जिनमें वह काफी समय से वांछित था. इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाले पुलिस दल में विश्रामपुर थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक ऋषिकेश कुमार दुबे, पुलिस अवर निरीक्षक शिवनाथ रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक शैलभ कुमार और सहायक अवर निरीक्षक बलराम दास सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अब आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.