न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासनिक सख्ती लगातार जारी है. इसी क्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संजय पांडेय ने एक बार फिर अपनी सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र में औचक निरीक्षण और विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. रात के समय की गई इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय द्वारा कल रात लगभग 10:55 बजे मेदिनीनगर के व्यस्त क्षेत्र बेलवाटिका चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान क्षेत्र भ्रमण और चेकिंग के क्रम में एक नीले रंग का स्वराज ट्रैक्टर (मॉडल: 735 FE) संदिग्ध अवस्था में आता हुआ दिखाई दिया. जब प्रशासनिक टीम ने उक्त वाहन की रोककर जांच की, तो पाया कि उस पर अवैध रूप से बालू लादकर परिवहन किया जा रहा था.
जांच के दौरान वाहन चालक और संबंधित व्यक्ति मौके पर बालू परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध चालान या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके अलावा पकड़े गए उक्त ट्रैक्टर पर किसी प्रकार का वैध निबंधन नंबर भी अंकित नहीं था, जिसका इंजन एवं चेसिस नंबर C10017511H दर्ज किया गया है. प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एसडीओ संजय पांडेय द्वारा तुरंत मौके पर सरकारी गवाहों (चौकीदार विवेक कुमार यादव और गृह रक्षक बबलू यादव) की उपस्थिति में विधिवत जप्ती सूची तैयार की गई.
इस पूरी कार्रवाई के बाद जप्त किए गए स्वराज ट्रैक्टर को अग्रिम सुरक्षा और संरक्षण के लिए शहर थाना, डालटनगंज के सुपुर्द कर दिया गया है. इस संबंध में अनुमंडल कार्यालय द्वारा जिला खनन पदाधिकारी (पलामू), जिला परिवहन पदाधिकारी (पलामू) और जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त (पलामू) को आधिकारिक पत्र प्रेषित कर पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी गई है तथा संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. SDO संजय पंण्ड्य का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन और बिना कागजात के खनिज संपदाओं के परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह के औचक अभियान निरंतर जारी रहेंगे.
इसे भी पढ़ें: गोड्डा: डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या, खेत में मिला सिर कटा शव